भागलपुर में किशोर की संदिग्ध मौत: घर में फंदे से लटका मिला 13 वर्षीय बालक

 

भागलपुर:

जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफापुर कमर टोली में रविवार को एक 13 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह घर के अंदर फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान बादल कुमार पासवान (13) के रूप में हुई है, जो सच्चिदानंद पासवान का पुत्र था। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह परिवार के सभी सदस्य खेत में काम करने गए थे। बादल भी उनके साथ गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह अकेले ही घर लौट आया।

जब परिवार के लोग खेत से वापस आए तो वह घर में नहीं दिखा। खोजबीन के दौरान कमरे में जाकर देखा गया कि वह फंदे से लटका हुआ है। यह दृश्य देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया कि किशोर का व्यवहार कभी-कभी सामान्य नहीं रहता था। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ